कोंडागांव जिले के किसान लो वोल्टेज की समस्या से परेशान है। कम वोल्टेज से खेतों में लगे मोटर जल रहे हैं और फसल सूखने लगी है। ऐसे में कर्ज लेकर फसल लगाने वाले किसानों की मुश्किलें बढ़ गई है। इधर, एक कृषि अधिकारी दुष्यंत कुमार नाग ने लो वोल्टेज पर मजाकिया वीडियो बनाया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर किसानों ने भी नाराजगी जताई। कृषि उप संचालक डी. पी. ताड़े ने इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। 58,475 हेक्टेयर भूमि पर लगाई मक्के की फसल इस बार किसानों ने कर्ज लेकर रिकॉर्ड 58,475 हेक्टेयर भूमि पर मक्के की फसल लगाई है। सरकार ने दोहरी फसल के लिए प्रोत्साहित किया और मक्का प्लांट के शेयरहोल्डर्स की संख्या 50 हजार से अधिक हो गई। लेकिन बिजली की समस्या से अब किसान मुश्किल में है। केसकाल और लंजोडा में सब-स्टेशन लगेंगे विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता गोपेश कुमार बांधे का कहना है कि इस बार रकबा बड़ा होने से पंप भी ज्यादा चल रहे हैं। समाधान के लिए नए सब-स्टेशन लगाए जा रहे हैं। केसकाल और लंजोडा में दो नए विद्युत सब-स्टेशन प्रस्तावित हैं। फिलहाल अलग-अलग जगहों पर विद्युत सप्लाई की जा रही है ताकि गांवों में पर्याप्त वोल्टेज मिल सके। वर्तमान में किसान टैंकरों से पानी डालकर अपनी फसल को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। बिना अनुमति के अधिकारी ने बनाया वीडियो वहीं, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दुष्यंत कुमार नाग ने हाई टेंशन लाइन से लिपटकर खुद को करंट लगाते हुए एक वीडियो बनाया। इस क्षेत्रों में लंबे समय से लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या है। इसी समस्या पर वीडियो बनाया गया है। दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई कृषि उप संचालक डी. पी. ताड़े ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी ने वीडियो बनाने की कोई अनुमति नहीं ली थी। विभाग इस घटना की जांच करेगा। दोषी पाए जाने पर अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


