बिलासपुर में सरकारी कार्यालयों में समय की पाबंदी को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर कोटा एसडीएम नितिन तिवारी ने शुक्रवार को 3 प्रमुख कार्यालयों का अचानक निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे ऑफिस पहुंचे जहां 33 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें जनपद कार्यालय कोटा के 14, महिला एवं बाल विकास विभाग के 15 और बीआरसी के 4 कर्मचारी शामिल हैं। सभी अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम ने सभी कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक दिन का वेतन काटने की चेतावनी दी गई है। कार्यालयों में समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू करने का निर्देश दिया है। इसके लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। अप्रैल से सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी।


