सीहोर के पचामा गांव में एक वृद्धा ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उसके घर पर कब्जा कर ताला लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक से की है और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। जानकारी के अनुसार अयोध्या बाई पति रामचरण बलाई ने बताया कि हाल ही में उनके भाई नन्नुलाल मालवीय (60) की मृत्यु हो गई थी। जबकि भाभी केशर बाई की पहले ही मौत हो चुकी थी और उनका कोई संतान नहीं था। इस कारण वो अपने भाई के घर में रहकर उनका ध्यान रख रही थीं। फर्जीबाड़ा कर मकान अपने नाम कराया- अयोध्या बाई
18 दिसंबर को सुबह लगभग 10 बजे पचामा निवासी बिट्टू चौहान और जसपाल चौहान, दोनों अपने साथियों के साथ पीड़िता के घर पर पहुंचे और जबरन दरवाजे पर ताला लगा दिया। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने कहा कि उन्होंने ये मकान खरीद लिया है, लेकिन कोई खरीदने का दस्तावेज नहीं दिखाया। घर नहीं छोड़ने पर उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। अयोध्या बाई ने आरोप लगाया कि दबंगों ने पंचायत कार्यालय में फर्जीबाड़ा कर मकान अपने नाम करा लिया है, जबकि उनके भाई नन्नुलाल ने कभी यह मकान किसी को बेचा नहीं था। पीड़िता ने कहा कि ठाकुर परिवार के दबंग सदस्य जबरन इस मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी बेखौफ घूम रहे दबंग
अयोध्या बाई ने कहा कि कोतवाली थाना पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, केवल एनसीआर दर्ज किया है। इसलिए वे बेखौफ घूम रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


