अब गांव के लोग सरकारी बस में जल्द ही किफायती दर पर राजधानी रांची जा सकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना 2022 अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों से बस चलाने की प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रखंड मुख्यालय मांडू में उपरोक्त योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए नए ग्रामीण मार्गों का चयन करने को लेकर प्रखंड स्तरीय समिति की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें प्रमुख चंद्रमणि देवी समेत बीडीओ रितिक कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अर्जुन महली, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनिता सिंह के अलावा विभिन्न पंचायतों के पंसस और बीओआई मांडू एवं एसबीआई मांडू के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस क्रम में लोगों ने योजना के तहत नए मार्गों का अनुमोदन कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला परिवहन कार्यालय रामगढ़ को भेज दिया। बताया जाता है कि उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में फिलहाल तीन बसों का परिचालन के लिए स्वीकृति मिली है। जो गोमिया, विष्णुगढ़ और लईयो से खुलकर मांडू प्रखंड के विभिन्न मार्गों से राजधानी रांची जाएगी। गोमिया से रांची जाने वाली बस 105 किमी सफर करेगी। यह बस साड़म, तुलबुल, ललपनिया, चोरगांवा, बड़गांव, चैनपुर, सारूबेड़ा, आरा कांटा, नया मोड़ कुजू, चुटूपालू, ओरमांझी, इरबा, बुटी मोड़, करम टोली चौक पहुंचकर रांची पहुंचेगी। विष्णुगढ़ से रांची चलने वाली बस 110 किमी सफर तय करेगी। यह बस गोविंदपुर, हुरूलौंग, नरकंडी, टुटकी, आंगो, ओरैया, चुरचू, हथियारी मोड़, चरही, मांडू, कुजू, रामगढ़ बस स्टैंड, चुटूपालू, ओरमांझी, इरबा, बुटी मोड़, करमटोली चौक होकर रांची पहुंचेगी। लईयो से रांची जाने वाली बस 100 किमी सफर करेगी। यह बस चपड़ा मोड़, केदला, घाटो, सारूबेड़ा, नयामोड़ कुजू, चुंबा, गिद्दी, सयाल, भुरकुंडा, पतरातू, पिठोरिया, कांके, चांदनी चौक होते हुए राजधानी रांची जाएगी। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत चलने वाले तीनों बसों में यात्रियों के बैठने की संख्या 42 होगी।


