सिरमटोली फ्लाईओवर पर रैंप बनाने के विरोध में आज रांची बंद का आह्वान

लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील की सिरमटोली फ्लाईओवर पर रैंप बनाने के विरोध में सिरमटोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा ने शनिवार को रांची बंद का आह्वान किया है। इस बंदी में 40 से अधिक आदिवासी संगठन और सरना समितियां शामिल होंगी। एंबुलेंस, अस्पताल और परीक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखने की घोषणा की गई है। बंदी से पहले शुक्रवार शाम मोर्चा के बैनर तले आदिवासी संगठनों ने मशाल जुलूस निकाला और लोगों से बंद को सफल बनाने का आह्वान किया। वहीं धार्मिक-सामाजिक संगठनों, दुकानदार संघों, बस-ट्रक और ऑटो रिक्शा एसोसिएशन से बंद का समर्थन करने की अपील की। आदिवासी संगठनों का कहना है कि सरहुल पर्व पर अलग-अलग जगहों से करीब तीन लाख लोग जुलूस के साथ केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली पहुंचते हैं। सरनास्थल के पास रैंप बनाने से जुलूस में आने वाले लोगों को परेशानी होगी। इसलिए इसे किसी और जगह पर बनाया जाए। इधर, प्रशासन की सख्त चेतावनी, तोड़फोड़ की तो होगी कड़ी कार्रवाई सिरमटोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा के प्रस्तावित रांची बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। बंद समर्थकों से निपटने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। अलबर्ट एक्का चौक पर वाटर कैनन के साथ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। वहीं सीसीटीवी कैमरों से भी बंद पर नजर रखी जाएगी। जिला प्रशासन ने बंद समर्थकों से अपील की है कि वे कानूनी दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं। कानून हाथ में न लें। क्योंकि बंद के दौरान तोड़फोड़ और उपद्रव करने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वे किसी भी व्यापारी, वाहन चालक या आम लोगों पर बंद में शामिल होने के लिए दबाव न डालें। अभी विधानसभा सत्र चल रहा है। सेंट जेवियर्स कॉलेज समेत कई जगह परीक्षाएं हैं। इसका ध्यान रखें। उन्हें आने-जाने में कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। ताकि वे शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा दे सकें। बंद के कारण आम लोगों को परेशान करने की कोशिश न की जाए। क्योंकि पूरे मामले पर पुलिस कड़ी नजर रख रही है। जहां 12वीं की परीक्षा, वहां खुले रहेंगे स्कूल सिरमटोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा ने निकाला मशाल जुलूस स्कूलों में शनिवार को 12वीं बोर्ड की परीक्षा है। रांची सहोदया स्कूल कॉम्पलेक्स की अध्यक्ष परमजीत कौर ने कहा कि जहां बोर्ड की परीक्षा होने वाली है, वे सभी स्कूल खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि डीपीएस, सरला-बिरला, सुरेंद्रनाथ स्कूल, कैंब्रियन स्कूल कांके रोड, ब्रिजफोर्ड स्कूल और डीएवी ग्रुप में भी परीक्षा है। इसलिए ये सभी स्कूल खुलेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *