कनाडा का ओल्ड्स कॉलेज और जीएनडीयू मिलकर करेंगे शोध

भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव विश्वविद्यालय और कनाडा के ओल्ड्स कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी के बीच गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। यह समझौता पांच साल तक मान्य रहेगा। आपसी सहमति से इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। समझौते पर हस्ताक्षर गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के डीन, अकादमिक मामलों के प्रो. पलविंदर सिंह और ओल्ड्स कॉलेज के भर्ती व अंतरराष्ट्रीय संबंध निदेशक डॉ. करेन डैंसी ने किए। इस दौरान कुलपति प्रो. करमजीत सिंह, डीन छात्र कल्याण प्रो. प्रीत मोहिंदर सिंह बेदी, प्रो. बलविंदर सिंह, प्रो. पीके पट्टी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कुलपति प्रो. करमजीत सिंह ने कहा कि यह समझौता भारत और कनाडा के बीच सहयोग का नया अध्याय है। इससे दोनों देशों के शोध और शिक्षा क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देगी। समझौते के तहत दोनों संस्थानों के बीच शोध, छात्र विनिमय कार्यक्रम और संकाय सदस्यों के दौरे होंगे। सहकारी शोध परियोजनाओं का विकास होगा। विद्वानों के प्रकाशनों के माध्यम से शोध कार्यों का प्रसार किया जाएगा। ओल्ड्स कॉलेज के निदेशक डॉ. करेन डैंसी के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। डॉ. डैंसी ने कहा कि ओल्ड्स कॉलेज दुनियाभर के संस्थानों के साथ साझेदारी को महत्व देता है। यह कॉलेज उच्च तकनीक, व्यावहारिक कृषि शिक्षा और अनुसंधान के लिए जाना जाता है। डॉ. डैंसी ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के कैंपस और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के माहौल की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *