विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी नोकझोंक हुई। शून्यकाल में कांग्रेस विधायकों ने धान खरीदी में गड़बड़ी को लेकर स्थगन सूचना दी। नेता प्रतिपक्ष डा.चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि कुल उत्पादन से 36% ज्यादा धान खरीदी गई है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने धान खरीदी का रिकार्ड बनाया है। किसानों को सबसे ज्यादा पैसा दिया गया है। विपक्ष के प्रस्ताव को सुनने के बाद स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने इसे अस्वीकार कर दिया। इस कारण कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी और हंगामा करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। दरअसल, महंत ने कहा कि धान खरीदी में 13 हजार करोड़ का घपला हुआ है। खरीफ सीजन में प्रदेश में 149 लाख 25 हजार टन धान की खरीदी गई है। जबकि पूरे प्रदेश में धान का कुल उत्पादन ही कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 110 लाख 11 हजार टन प्रतिवेदित है। यह असंभव है कि कुल उत्पादन से 36% अधिक धान खरीदा जाए। विधायक ने जांजगीर-चांपा अस्पताल के सिविल सर्जन को बचाने के लगाए आरोप, मंत्री बोले- जांच करेंगे कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने स्वास्थ्य मंत्री पर जांजगीर-चांपा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन को बचाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन डा. दीपक जायसवाल द्वारा अस्पताल के चिकित्सकों, नर्स तथा अन्य स्टाफ के साथ दुर्वव्यहार किया जा रहा है। इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन में स्वास्थ सचिव और संचालक को निर्देश दिए कि इस पूरे मामले की एक हफ्ते में जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाए। कश्यप ने ध्यानाकर्षण में बताया कि अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने मानसिक प्रताड़ना का डॉक्टर पर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की थी लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कश्यप ने कहा कि डॉक्टरों ने सिविल सर्जन को हटाने की मांग को लेकर ओपीडी का बहिष्कार कर साइकिल स्टैंड से मरीजों का इलाज शुरू कर दिया। अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई है। भावना बोहरा और लखेश्वर बघेल सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित बजट सत्र के अंतिम दिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट विधायकों और पत्रकारों के नामों की घोषणा की। सत्ता पक्ष से भावना बोहरा और विपक्ष से लखेश्वर बघेल उत्कृष्ट विधायक चुने गए हैं। विधानसभा में विधानसभा की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए दैनिक भास्कर के राकेश पाण्डेय और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से सुदर्शन न्यूज के छत्तीसगढ़ ब्यूरो हेड योगेश मिश्रा को चुना गया है। अपात्र व्यक्ति को दिया 2 करोड़ का मुआवजा, मंत्री बोले-जांच होगी कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने रायगढ़ जिले के एनएच 200 में अफसरों की सांठगांठ से अपात्र व्यक्ति को दो करोड़ का मुआवजा देने के आरोप लगाए। जवाब में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिकायत की जांच की जाएगी। दरअसल प्रश्नकाल में पटेल ने कहा कि पिछले बजट सत्र में इस संबंध में दो सवाल लगाए गए थे दोनों में अलग-अलग जवाब आए थे इस बार के सवाल के जवाब में भी उत्तर अलग आया है। इसमें कौन सा सही है। एसआईएसएफ का होगा गठन, विधेयक पारित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की तर्ज पर अब छत्तीसगढ़ में राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन होगा। इस संबंध में गुरुवार को छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल विधेयक, 2025 पारित हो गया। इसके अनुसार पुलिस बल के 500 जवान प्रतिनियुक्ति पर सीआईएसएफ में जाएंगे। इन जवानों को प्रदेश के औद्योगिक संस्थाओं की सुरक्षा में तैनात किया जाएगा। इसी तरह, छत्तीसगढ़ सहकारी समिति संशोधन विधेयक के जरिए अब सचिव स्तर के अधिकारी को भी राज्य सहकारी निर्वाचन आयुक्त बनने की पात्रता दे दी गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025 पारित कर दिया गया। इसके जरिए प्रदेश में एक और निजी विश्वविद्यालय की स्थापना की अनुमति दे दी गई। रूंगटा इंटरनेशनल स्किल विश्वविद्यालय प्रदेश में निजी क्षेत्र का 18 और विश्वविद्यालय बनेगा। इसके अलावा सदन में छत्तीसगढ़ पंचायत राज संशोधन विधेयक भी पारित हुआ।


