भास्कर न्यूज|महासमुंद बागबाहरा क्षेत्र में हो रहे लगातार अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज से परेशान सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीण गुरुवार को भीखापाली बिजली ऑफिस पहुंचे। दिनभर बिजली बंद होने पर गर्मी से तिलमिलाकर ग्रामीणों ने बिजली ऑफिस में प्रदर्शन करने पहुंचे। अधिकारी के आफिस में नही होने पर सभी ग्रामीणों ने तेंदूकोना चौक पर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। बागबाहरा क्षेत्र में बीते कुछ महीनों से बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या के चलते लोग परेशान है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र के तेंदूकोना, सम्हर, बिराजपाली, कोटनपाली, मोंगरापाली, टुरीझर सहित दर्जनों गांव के किसानों व ग्रामीणों ने बिजली ऑफिस में जाकर अनेक बार अधिकारियों को अपने समस्याओं को बताकर इसके जल्द समाधान करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। बावजूद इसके भी अब तक इस समस्या का समाधान नही हो पाया। इससे परेशान होकर ग्रामीण आक्रोशित होकर बिजली ऑफिस पहुंच गये। ऑफिस में अधिकारी नही मिलने पर ग्रामीणों ने तेंदूकोना चौंक में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की खबर मिलते ही तहसीलदार जुगल किशोर पटेल, एसडीओपी मिलन पांडे सहित पुलिस मौके पर पहुंचें। जब लाइन चालू किया गया तभी ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया।


