भास्कर न्यूज | जांजगीर तालाब में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने की बात को लेकर दतौद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। वारदात के बाद पुलिस ने मामले में 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। जैजैपुर पुलिस के अनुसार दतौद के बंधवा तालाब के पानी का उपयोग ग्रामीण निस्तारी के लिए करते हैं। 20 मार्च की दोपहर युवक गंगाराम लहरे बंधवा तालाब में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचकर वह अपने मछली पालन करने निजी तालाब को भर रहा था, इसी बीच टुल्लू पंप पर प्रमोद कुमार चंद्रा की पड़ी। प्रमोद गंगाराम के पास पहुंचा और उसे टुल्लू पंप बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया, इधर प्रमोद और गंगाराम के झगड़े की खबर मिलते ही गंगा राम का पिता भागीरथी लहरे सहित गांव के अन्य लोग भी वहां पहुंचे और एक दूसरे के साथ गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। वारदात के बाद पुलिस ने मामले में प्रार्थी प्रमोद कुमार चंद्रा की रिपोर्ट पर आरोपी गंगाराम लहरे, भागीरथी लहरे और प्रार्थी गंगाराम लहरे की रिपोर्ट पर प्रमोद चंद्रा, हेमंत चंद्रा, जगदीश चंद्रा, कुशल लहरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना में लिया है।


