स्पॉन्सरशिप ना मिलने से रद्द होती टीटी चैंपियनशिप को खिलाड़ियों द्वारा पॉकेटमनी और घर के फंड से बचाने की भास्कर में प्रकाशित खबर के बाद अब फिजां बदल गई है। इन खिलाड़ियों के जज्बे की खबर को पढ़कर यूएसए से भामाशाह ने अपनी ओर से फंड देने की घोषणा की है। राना (राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका ) के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने दैनिक भास्कर से संपर्क किया। उन्होंने इस आयोजन के लिए राशि देने की घोषणा की है। उनकी ओर से यह सहयोग राशि आगामी चैंपियनशिप के सुगम आयोजन तथा खिलाड़ियों के लिए आयोजन समिति को उपलब्ध करवाई जाएगी। जोधपुर के जाए जन्मे भंडारी ने कहा कि जन्मभूमि की प्रतिभाओं को बढ़ावा देना भी हमारा जिम्मा है। इन 10 से 20 उम्र के खिलाड़ियों का अपने खेल के प्रति समर्पण और जज्बा देखने लायक है। साथ ही इनको बढ़ावा देने वाले कोच, आयोजक और पेरेंट्स का समर्थन भी सराहनीय है। भंडारी ने कहा कि यह बात थोड़ी चुभने वाली है कि इन युवा प्रतिभाओं को स्पॉन्सरशिप नहीं मिल पाई थी। उन्होंने जोधपुर के गणमान्यों एवं संस्थाओं से भी अपील की कि खेलों में जोधपुर और देश को आगे बढ़ाने के लिए इनका समर्थन और सहयोग करना जरूरी है। भविष्य में यही खिलाड़ी हमें देश और विदेश के मंच पर मेडल और मान दिलाएंगे। भंडारी अपनी ओर से राशि चैंपियनशिप आयोजक गव्या खेलकूद समिति को सौंपेंगे।
बच्चों ने अलसुबह से तैयारियां कीं, फिर टूर्नामेंट भी खेले
उधर ओल्ड रेलवे स्टेडियम मल्टीपरपज हॉल में बुधवार से दो दिवसीय स्टेट लेवल चैंपियनशिप शुरू हो गई। कोच अमित थानवी ने बताया कि इस दिन भी खिलाडि़यों ने बतौर वॉलंटियर भी योगदान दिया। सभी खिलाड़ियों ने सुबह 6 बजे ही आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाएं करवाईं। इसके बाद में चैंपियनशिप में खेले। बतौर अंपायर फ्री सेवाएं भी दीं।
अब देश-विदेश से मिल रहा समर्थन
कोच अमित थानवी ने बताया कि खबर के बाद में पूरे प्रदेश और देश-विदेश से लोगों की सराहना मिल रही है। कई लोगों ने आगामी चैंपियनशिप और बच्चों के स्पोर्ट्स के लिए फंड देने का वादा किया है।


