जयपुर में ज्वैलरी शॉप में चोरी, VIDEO:कस्टमर बनकर आए थे युवक-युवती, नजर बचाकर चुरा ले गए गहने

जयपुर में एक ज्वैलरी शॉप में चोरी का मामला सामने आया है। कस्टमर बनकर युवक-युवती ज्वैलर्स को बातों में उलझाकर नजर बचाकर सोने के गहने चोरी कर ले गए। ज्वैलरी शॉप में लगे CCTV फुटेज में चोरों की करतूत कैद हो गई। जवाहर सर्किल थाना पुलिस फुटेज के आधार पर चोर युवक-युवती की तलाश कर रही है। ASI रामफूल ने बताया- ओबीसी कॉलोनी रामनगरिया निवासी तुषार सोनी (23) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनकी जवाहर सर्किल स्थित विवेक विहार मोड़ पर जीसीजे जैम्स एण्ड ज्वैलर्स के नाम से ज्वैलरी शॉप है। 12 दिसम्बर को दिन में उनके पिता महेन्द्र कुमार शॉप पर बैठे थे। कस्टमर बनकर युवक-युवती शॉप पर आए। सोने की बालियां और कुंडल दिखाने की कहा। काफी देर तक कई तरह की बालियां और कुंडल देखते रहे। इस दौरान बातों में उलझाकर ज्वैलर महेन्द्र की नजर बचाकर युवक-युवती ने सोने के गहने चोरी कर लिए। पसंद नहीं आने की कहकर दोनों वहां से चले गए। उनके जाने के बाद ज्वैलरी संभालने पर सोने के 2 कुंडल और 6 बाली गायब होने पर चोरी का पता चला। शॉप में लगे CCTV फुटेज चैक करने पर चोरों की करतूत कैद मिली। जवाहर सर्किल थाने में पीड़ित ने कस्टमर बनकर आए युवक-युवती के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करवाया। फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *