प्रतापगढ़ जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय की ओर से आज शहर के सुखाड़िया स्टेडियम में रोजगार शिविर का आयोजन किया गया। इस रोजगार शिविर में लगभग 1000 बेरोजगारों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 24 निजी कंपनियों ने भाग लिया। जिला रोजगार अधिकारी भेरूलाल ने बताया- यह रोजगार शिविर राज्य सरकार की योजनाओं के तहत आयोजित किया गया है। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस शिविर में महिलाओं से जुड़ी एक कंपनी ने सिलाई जानने वाली 500 महिलाओं और युवतियों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शिविर के शुभारंभ के मौके पर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को अपनी कंपनियों की जानकारी दी और उन्हें नौकरी के अवसरों के बारे में जागरूक किया। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि अधिकतर युवा सरकारी नौकरी की चाह में बेरोजगार रह जाते हैं, जबकि निजी क्षेत्र में भी ऐसे कई अवसर हैं जो अच्छे वेतन और सुनहरे भविष्य का रास्ता प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से निजी क्षेत्र की कंपनियों में करियर बनाने की अपील की और कहा कि यह भी एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का सशक्त माध्यम है।


