गुरुवार को सीहोर जिले के लोगों को ठंड से मामूली राहत मिली है। न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हवाओं की दिशा अब उत्तर की बजाय पूर्व दिशा से हो गई है। आज न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान एक सप्ताह से लगातार 10 डिग्री के नीचे बना हुआ है। जानकारी के अनुसार सीहोर जिले में आज लगातार सातवां दिन है, जब तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है और हवाओं की रफ्तार सामान्य से अधिक चल रही है। मौसम के संबंध में शासकीय कृषि कॉलेज में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एस तोमर ने बताया कि हवाओं की दिशा लगातार उत्तर दिशा से बनी हुई थी जो अब पूर्व से हो गई है। जिसके कारण शीत लहर का दौर लगातार जारी है और आगामी दिनों में भी ठंड का प्रभाव लगातार बना रहेगा। तोमर ने बताया कि जो मौसम का पूर्व अनुमान मिल रहा है उसके अनुसार कल से जिले में घना कोहरा छा सकता है। सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने शीतघात व शीत लहर को लेकर पर्याप्त सावधानी बरतने की अपील आम नागरिकों से की गई है। शीत ऋतु में वातावरण का तापमान अत्यधिक कम होने पर शीत लहर का चलना प्रारंभ हो जाता है। जिसके कारण मानव स्वास्थ्य पर अनेक विपरीत प्रभाव जैसे सर्दी जुकाम, बुखार, निमोनिया, त्वचा रोग, फेफड़ों में संक्रमण, हाईपोथर्मिया, अस्थमा, एलर्जी होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे कम हुआ तापमान 6 दिसंबर 12.2 7 दिसंबर 10.6 8 दिसंबर 10.2 9 दिसंबर 7.5 10 दिसंबर 4.9 11 दिसंबर 4.7 12 दिसंबर 3.5 13 दिसंबर 4.8 14 दिसंबर 2.5 15 दिसम्बर 2.7 16 दिसंबर 2.2 17 दिसंबर 4.7 18 दिसंबर 4.4 19 दिसंबर 6.5


