शहडोल में कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार हो गए है। जिसमें दो बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी की हालत खतरे के बाहर है। उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। एक दिन पहले भी दादरा टोला के चार सदस्य कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से बीमार हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। अब उनकी हालत भी खतरे के बाहर है। बुधवार रात मुख्यालय से सटे ग्राम चाका में एक ही परिवार के 6 सदस्य कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से बीमार हो गए हैं। गुरुवार को परिवार के सभी 6 सदस्यों को भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिसिन डॉक्टर के साथ बैठक कर कोदो की सैंपलिंग करने की बात कही है। खाना खाने के आधे घंटे बाद बिगड़ी तबीयत पीड़ित रामचरण कोरी ने बताया कि बुधवार रात 8:30 बजे परिवार के सभी लोग इकट्ठा हुए और कोदो की रोटी और चने की भाजी खाई थी। आधे घंटे बाद परिवार के 6 सदस्य जिन्होंने खाना खाया था, उन सब की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और सबको चक्कर के साथ उल्टियां आनी शुरू हो गई। जिसके बाद पड़ोस के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने निजी वाहन से सभी को जिला अस्पताल लाकर भर्ती करवाया है। अस्पताल में इन्हें कराया गया भर्ती रामचरण कोरी (58) सावित्री ( 55) रामकुमार (35) राजकुमारी कोरी (25) दो बच्चों में जिया (7) और सूर्या (6) शामिल है। परिवार के 6 सदस्यों में दो बच्चे बच्चा वार्ड के आईसीयू वार्ड में भर्ती किए गए हैं। मेडिसिन विभाग के डॉक्टर गंगेश डांडिया ने बताया कि कोदो अगर अधिक पुराना है तो फूड प्वाइजनिंग की संभावनाएं हो सकती हैं। लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। सभी भर्ती मरीजों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। सीएमएचओ ने बुलाई बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और प्रभारी सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश मिश्रा ने लगातार दूसरे दिन भी कोदो की रोटी और चने की भाजी खाने से भर्ती हुए मरीजों से मुलाकात कर डॉक्टरो से चर्चा की है। डॉ मिश्रा ने बताया कि जिन डॉक्टरों ने मरीजों को देखकर उनका इलाज किया है, उनके साथ एक बैठक कर चीजों को बारीकी से पता लगाने की कोशिश की जा रही है। किन वजह से दो दिनों के भीतर 10 लोग बीमार हुए हैं। सीएमएचओ ने बताया कि जिस कोदो को खाने से लोग बीमार हुए हैं। उसका सैंपल लेने के निर्देश फूड विभाग को जारी किए गए हैं। कोदो और चने की भाजी का फूड विभाग सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे है। जांच रिपोर्ट आने के बाद चीज स्पष्ट हो सकेंगे कि किस वजह से लोग बीमार हो रहे हैं।


