हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित एक शराब ठेके के बाहर काले रंग की एक स्कॉर्पियो कार ने खतरनाक स्टंट दिखाए। स्कॉर्पियो का ड्राइवर ठेके के सामने गाड़ी को गोल-गोल घुमा रहा था, और ड्रिफ्ट मार रहा था। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग डर गए। लोगों ने ठेके के अंदर दौड़कर जान बचाई। गाड़ी के सनरूफ से एक युवक भी बाहर निकला हुआ था, जो ड्रिफ्ट मारती स्कॉर्पियो में गिलास में डालकर शराब पी रहा था। इस स्टंटबाजी के 2 वीडियो भी सामने आए हैं। हालांकि, स्कॉर्पियो और उसके ड्राइवर की पहचान न हो पाने के चलते पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। सामने आए वीडियोज में क्या दिख रहा… पहले वीडियो में केवल गाड़ी ही ड्रिफ्ट मार रही
शराब ठेके के सामने स्टंटबाजी के 2 वीडियो सामने आए हैं, जिनमें से एक में केवल स्कॉर्पियो कार ही दिख रही है। कार आगे के पहियों पर ड्रिफ्ट मार रही है। उसके ब्रेक लगने की तेज आवाज हो रही है, जो मौके पर मौजूद लोगों को विचलित कर रही है। यह गाड़ी शराब ठेके के सामने इसी अवस्था में 7 से 8 राउंड घूमती है। जब लगातार एक्सीलरेटर देने और ब्रेक मारने की वजह से मौके पर टायरों से धूल-धूल ही हो जाती है तो ड्राइवर गाड़ी को रोक देता है। दूसरे वीडियो में सनरूफ से युवक निकला, शराब पी रहा
वहीं, दूसरी वीडियो में दिख रहा है कि यही काली स्कॉर्पियो ठीक पहले की ही तरह ठेके के सामने ड्रिफ्ट मार रही है। हालांकि, इस बार स्कॉर्पियो की सनरूफ खुली हुई है, और उसमें से एक युवक बाहर निकला हुआ है। उस युवक के हाथ में एक गिलास भी है। जब गाड़ी ड्रिफ्ट मारना शुरू करती है तो एक्सीलरेटर और ब्रेक की तेज आवाज होती है। इसके बाद गाड़ी एक ही जगह पर गोल-गोल ड्रिफ्ट मारने लगती है। इसी बीच सनरूफ से निकला युवक गिलास वाले हाथ को ऊपर उठाता है और गिलास में मौजूद तरल पीता है। अंदाजा है कि गिलास में शराब रही होगी। यह स्टंट काफी देर तक चलता है। इस दौरान मौके पर काफी शोर होता है, और चारों ओर धुआं ही धुआं हो जाता है। मौके से निकल रहे लोग भी इस स्टंट की वजह से कुछ समय के लिए रुकने पर मजबूर होते हैं। जब स्टंट पूरा होता है तो लोग वहां से निकल जाते हैं। स्टंटबाजी के 2 PHOTOS… प्रत्यक्षदर्शी बोले- तेज आवाज से डरकर भागे लोग
ठेके के पास स्थित सोसाइटी में रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यह वीडियो होली के दिन का है। एसपीआर रोड पर सेक्टर-69 की तरफ जाते हैं तो विंटेज लिकर इंपोरियम के नाम से यह शराब का ठेका है। यहां पर काले रंग की स्कॉर्पियो कार में शाम के वक्त कुछ युवक हुड़दंग कर रहे थे। पहले वे गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे। उसके बाद उन्होंने कार स्टार्ट कर स्टंट करना शुरू कर दिया। उस वक्त काफी संख्या में लोग शराब लेने के लिए आए हुए थे। जैसे ही कार के ब्रेक की तेज आवाज आने लगी तो लोग डरकर भागने लगे। कुछ ग्राहकों ने ठेके के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। आसपास से राहगीर भी गुजर रहे थे, जो कार सवार युवकों के हुड़दंग को देकर दूर से निकल गए। लोगों ने कहा- यहां यह रोज की घटना
उन्होंने बताया कि इस ठेके के बाहर यह रोज की घटना होने लगी हैं। यहां कई रिहायशी सोसाइटी हैं और बड़ी संख्या में शाम के वक्त रेजिडेंट्स पैदल निकलते हैं। ऐसे में इस तरह के खतरनाक स्टंट से राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है। पुलिस भी कभी-कभार आती है और ठेके के बाहर हुड़दंग करने वालों पर कोई कार्रवाई अभी तक नहीं की गई है। इससे राहगीर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की कि यहां गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम लोग सुरक्षित निकल सकें।


