धनबाद एसीबी की टीम ने मंगलवार को विद्युत विभाग धनवार के कनीय अभियंता दुर्गेश नंदन सहाय और कर्मी उमेश कुमार यादव को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। उन्हें धनवार-झारखंडधाम रोड पर अम्बाटांड़ के पास से गिरफ्तार किया गया है। बिरनी के सिमराढाब निवासी संतोष कुमार साव ने एसीबी से शिकायत की थी कि बिजनेस के लिए बिजली का नया कनेक्शन (ट्रांसफॉर्मर सहित) लगाने के लिए डीवीसी कार्यालय राजधनवार के जूनियर इंजीनियर दुर्गेश नंदन सहाय से मिला। उनके बताए अनुसार नया कनेक्शन औरी अन्य बिजली उपकरण के लिए 88,200 रुपए जमा किया। कुछ दिनों बाद एक ट्रांसफॉर्मर पोल में लगाया, पर कनेक्शन नहीं किया गया। जूनियर इंजीनियर दुर्गेश नंदन सहाय ने मोबाइल से बात करने पर कहा कि कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपए मेरे स्टाफ को दे दीजिएगा। फिर स्टाफ के मोबाइल से मुझसे बात कराइएगा तो नया मीटर और कनेक्शन लग जाएगा। इस प्रकार जूनियर इंजीनियर अपने स्टाफ के माध्यम से मुझसे 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया तो वह सही निकली। इसके बाद विशेष टीम गठित कर रिश्वत की राशि लेते दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


