मंईयां सम्मान : तीन आंगनबाड़ी सेविकाओं पर वसूली का आरोप

झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों से आवेदन पत्र सत्यापन के नाम पर अवैध राशि मांगने की शिकायतें सामने आई हैं। रांची जिला जन शिकायत कोषांग के वाट्सएप नंबर पर तीन आंगनबाड़ी सेविकाओं के खिलाफ शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें अर्चना सिंह (पटेल फिल्ड बंधन कोच्चा, धुर्वा), गीता कुमारी (गायत्री नगर, धुर्वा) और उषा कुमारी (कदम खटाल, धुर्वा) के नाम शामिल हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने इस मामले को गंभीर मानते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, रांची सदर को निर्देश दिया है कि वे इन सेविकाओं से स्पष्टीकरण प्राप्त करें। साथ ही, 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उपायुक्त ने कहा कि जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन और सेविकाओं के कार्यों की निगरानी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि दोष सिद्ध हुआ तो संबंधित सेविकाओं को चयन मुक्त किया जा सकता है और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। मालूम हो कि राज्यभर में मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का सत्यापन कराया जा रहा है। रांची जिले में इसकी जिम्मेवारी आंगनबाड़ी सेविकाओं को दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *