रायपुर के गांधी मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने शाह पर संविधान निर्माता के अपमान का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की। जिला कार्यालय से कांग्रेस कार्यकर्ता अमित शाह का पुतला लेकर नारेजबाजी करते हुए, नगर निगम चौक पहुंचे और यहीं उन्होंने केन्द्रीय गृहमंत्री का पुलता जलाया। इस दौरान पुलिस फायर एक्सटिंग्विशर और पानी से पुतले में लगी आग बुझाने की कोशिश करती रही इस वजह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस की काफी झड़प भी हुई। इस दौरान रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, उधो वर्मा समेत जिला कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेसियों ने कहा कि जिस तरह से केन्द्रीय गृहमंत्री ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को अपमानजनक तरीके से संबोधित किया है। ये घोर निंदनीय है। सम्मान नहीं कर सकते तो अपमान भी ना करे बीजेपी कांग्रेस के रायपुर शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि बीजेपी देश के वरिष्ठ नेताओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का लगातार अपमान कर रही है। ये अपने कार्यकाल की जगह गांधी, नेहरू, वल्लभ भाई पटेल की बात करते हैं और अब ये बाबा साहेब अंबेडकर तक आ गए हैं। और उनका अपमान कर रहे हैं। इसलिए गृहमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। अमित शाह ने क्या कहा था संसद में संविधान पर चर्चा के दौरान एक लंबे भाषण के बीच अमित शाह ने कहा कि “अभी एक फ़ैशन हो गया है.. आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर. इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता.” उनके कहे अंश को लेकर जमकर हंगामा हुआ और सदन की कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी। इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस पूरे देश में लगातार प्रदर्शन कर रही है। देशभर में आज कई जगह केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पुतला जलाया गया। रायपुर में कांग्रेसियों ने शाह के इस्तीफे की मांग की है।


