बेटे ने सिर में रॉड मारकर किया पिता का मर्डर:पत्नी को पीट रहा था आरोपी, बचाने आए थे; बहन ने दर्ज कराई FIR

भीलवाड़ा में एक बेटे ने पिता के सिर में लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। आरोपी बेटा अपनी पत्नी को पीट रहा था। इस दौरान पिता बीच-बचाव करने आए तो उनके सिर पर रॉड मार दी। पिता गंभीर रूप से घायल हो गए तो बहू उन्हें हॉस्पिटल ले गई। इलाज के दौरान मौत हुई तो बेटा फरार हो गया। मामला जिले के बड़लियास थाना इलाके के जीनगर मोहल्ले का है। घटना 17 दिसंबर मंगलवार सुबह 6 बजे की है। गंभीर रूप से घायल पिता ने 18 दिसंबर बुधवार को इलाज के दौरान उदयपुर के हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी की बहन ने भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। आरोपी बेटा फरार है। बड़लियास थाना इंचार्ज सिद्धार्थ प्रजापत ने बताया- थाना इलाके के जीनगर मोहल्ले में रहने वाले मजदूर फूलचंद जीनगर (65) की उसी के बेटे प्रह्लाद (35) ने हत्या कर दी। प्रह्लाद शराब पीने का आदी था। वह छोटा-मोटा मजदूरी का काम करता था। मजदूरी में मिले पैसों की शराब पीता था। इस बात को लेकर पत्नी निरमा (30) उसे ताना मारती थी। ऐसे में अक्सर पति पत्नी का झगड़ा होता था। सोमवार 16 दिसंबर की शाम प्रह्लाद शराब पीकर आया था। इस पर पत्नी ने उसे टोका तो वह गुस्सा हो गया। उसने पत्नी के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसके बाद पिता फूलचंद का मोबाइल लेकर घर से चला गया। रातभर वह घर से बाहर ही रहा। दूसरे दिन मंगलवार सुबह 5 बजे प्रह्लाद घर लौटा और दरवाजा खटखटाया। करीब 20 मिनट तक दरवाजा खटखटाने के बाद किसी ने खोला नहीं तो उसका गुस्सा बढ़ गया। वह बाहर की दीवार पर चढ़ा और आंगन में कूदकर घर में दाखिल हुआ। घर में घुसते ही उसने कमरे में सो रही पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान वह गाली-गलौज कर रहा था। शोर-शराबा सुनकर पास के कमरे में सो रहे पिता फूलचंद वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। इस दौरान प्रह्लाद ने घर के आंगन में पड़ी लोहे की रॉड उठाई और पिता के सिर और कान के पास जोर से हमला किया। फूलचंद लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। तब तक पड़ोसी भी वहां पहुंच गए थे। मौका पाकर आरोपी बेटा वहां से गाली-गलौज करते हुए चला गया। बहू निरमा और पड़ोसी घायल फूलचंद को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले गए। वहां इलाज के दौरान हालत बिगड़ी तो उसे 17 दिसंबर मंगलवार को ही उदयपुर के महाराणा भूपाल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। दूसरे दिन बुधवार 18 दिसंबर को इलाज के दौरान फूलचंद की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया। पिता की मौत के बाद फूलचंद की बेटी सुमन ने आरोपी भाई प्रह्लाद के खिलाफ बड़लियास थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *