आबकारी निरोधक दल ने गुरुवार को गांव अमरपुरा थेड़ी में कार्रवाई करते हुए सात कच्ची भट्ठी व 2800 लीटर लाहन नष्ट करवाया। यह कार्रवाई आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर के उपायुक्त पोमाराम व जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के नेतृत्व में की गई। आबकारी निरोधक दल ने आबकारी थाना संगरिया के साथ रेड गश्त का आयोजन कर टाउन थाना क्षेत्र के गांव अमरपुरा थेड़ी में दबिश दी। इस दौरान सात कच्ची भट्टियां नष्ट की व करीब 2800 लीटर उत्तेजित वाश (लाहन) नष्ट करवाया। इसके अलावा हथकढ़ शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बबरी, मिट्टी की भट्टी, लोहा ड्रम, देकचा, पानी लाने के लिए प्रयुक्त प्लास्टिक पाइप, लकडियां, तिरपाल आदि सामग्री मौके पर नष्ट करवाई। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के अनुसार आबकारी विभाग की ओर से हथकढ़ शराब की कशीदगी व बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड गश्त का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में संगरिया आबकारी थाना के प्रहराधिकारी कमल सिंह, आबकारी अधिकारी कार्यालय के जमादार हुसैन खान व जाब्ता शामिल रहा।


