छत्तीसगढ़ में वाहनों की एंट्री और एग्जिट के वक्त चेक पोस्ट पर डाक्यूमेंट और गाड़ी की जांच के नाम पर परिवहन अमला मनमर्जी की वसूली कर रहा है। आलम यह है कि राजनांदगांव-नागपुर रोड पर पाटेकोहरा में चेक पोस्ट को हाइवे से 500 मीटर अंदर बनाया है। वहीं महासमुंद के खम्हारापाली में परिवहन चेक पोस्ट से आगे हाइवे से 500 मीटर अंदर इंटर स्टेट चेक पोस्ट बनाई गई है। हाइवे से 500 मीटर अंदर परिवहन की चेक पोस्ट ट्रक, ट्राला, ट्रेलर सहित दूसरे कामर्शियल वाहनों से एंट्री-एग्जिट के नाम पर अवैध वसूली करने कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर चिल्फी, खम्हारपाली और पाटेकोहरा में संचालित कई ढ़ाबा संचालक परिवहन अफसरों के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। यह एजेंट 10 हजार से 15 हजार रुपए महीने में ठेका लेकर ओवर लोड गाड़ियों का संचालन करा रहे हैं। यह खुलासा बार्डर चैक पोस्ट के नजदीक संचालित ढाबा संचालकों के स्टिंग ऑपरेशन में हुआ है। हाइवे से 500 मीटर अंदर बनी पाटेकोहरा चेक पोस्ट और महासमुंद के खम्हारपाली (सरायपाली) स्थित इंटर स्टेट चेक पोस्ट पर निजी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित है। पाटेकोहरा में परिवहन अमले हाइवे पर चेक पोस्ट से 500 मीटर पहले अस्थाई शेड लगाया हुआ है। यहां बैठकर परिवहन अमला कामर्शियल वाहनों को चेक पोस्ट पर भेजता है। जबकि निजी वाहनों को हाइवे से सीधे गुजार देता है। ऐसी ही स्थिति खम्हारपाली चेक पोस्ट की है। पाटेकोहरा, खम्हारपाली, चिल्फी चेक पोस्ट पर सबसे ज्यादा लोड छग में परिवहन विभाग ने 16 बार्डर चेक पोस्ट बनाई हैं। इनसे गुजरने के बाद गाड़ी प्रदेश में आती-जाती है। छग ट्रक मालिक संघ के अफसरों के मुताबिक राज्य में सबसे ज्यादा वाहनों की एंट्री पाटेकोहरा, खम्हारपाली और चिल्फी स्थित परिवहन की बार्डर चेक पोस्ट से होती हैं। शेष 13 चेक पोस्ट से बड़े वाहनों की एंट्री अपेक्षाकृत कम होती है। तेलंगाना जा रहे ट्रक का बिना जांचे बनाया चालान… लिए 300 रुपए सुकमा से तेलंगाना जा रहा ट्रक CG06GLxxxx 18 फरवरी दोपहर 1 बजे कोंटा परिवहन चेक पोस्ट पहुंचा। हेल्पर चेक पोस्ट पर कागज चेक कराने गया। यहां तैनात अफसर ने गाड़ी के अन्य दस्तावेज दिखाने की बात की। कागज चेक करने के बाद अधिकारी ने 300 का चालान बनाया। इस दौरान चेक पोस्ट पर मौजूद किसी भी अफसर ने ट्रक की जांच नहीं की। हाइवे से 500 मीटर अंदर बनाई चेक पोस्ट …प्राइवेट व्हीकल प्रतिबंधित: मुंबई-कोलकाता हाइवे पर छग-महाराष्ट्र बार्डर पर पाटेकोहरा में आरटीओ चेक पोस्ट हाइवे से 500 मी. अंदर है। ट्रक, बस व हैवी वाहनों को हाइवे के पेरेलल बनाए चेक पोस्ट पर ले जाया जाता है। इस चेक पोस्ट पर प्राइवेट व्हीकल के मूवमेंट (क्रॉसिंग) प्रतिबंधित है। कोंटा में ट्रक का नंबर पूछा, एंट्री के नाम पर लिए 200 रुपए… कोंटा में बनी छग परिवहन की बार्डर चेक पोस्ट पर 19 फरवरी शाम 8 बजे तेलंगाना से आ रहा ट्रक नंबर CG04xx3456 पहुंचा। पोस्ट पर परिवहन कांस्टेबल ने ड्राइवर को गाड़ी के कागज चेक करने बुलाया। ड्राइवर ने मैकेनिकल की पर्ची दिखाई, इसके बाद कांस्टेबल ने ड्राइवर से 200 रुपए लेकर रसीद नहीं दी लेकिन, ट्रक जाने दिया। रोजाना 3 हजार ट्रकों की होती है आवाजाही: पाटेकोहरा चैक पोस्ट प्रभारी केशव राजवाड़े ने बताया कि चैक पोस्ट से रोजाना लगभग 3000 वाहन निकलते हैं। इनमें छग से महाराष्ट्र आने-जाने वाले वाहन हैं। कोलकाता-मुंबई हाइवे पर पाटेकोहरा से पहले ठाकुरनाला टोल प्लाजा से रोजाना लगभग 10-12 हजार ट्रक व भारी वाहन निकलते हैं, जहां फास्ट टैग से टैक्स लेते हैं। 11300 में एक महीने क्रॉसिंग रायपुर तक कोई रोक नहीं छग-मप्र बार्डर पर परिवहन की चिल्फी चैक पोस्ट पर ओवरलोड ट्रक को एजेंट्स 11300 रुपए में चेक पोस्ट क्रॉस करवा रहे हैं। चिल्फी चेक पोस्ट के एक एजेंट से भास्कर संवाददाता ने चिल्फी से रायपुर आ रहे ओवरलोड ट्रक को बिना चालान क्रॉस कराए जाने का सौदा किया। एजेंट ने पूछा कि गाड़ी पकड़ी तो नहीं गई? उत्तर नहीं में मिलने पर एजेंट ने कहा – भाड़ा रायपुर तक का भरेंगे। जबाव हां में सुनने के बाद एजेंट ने कहा- एक माह के लिए 11300 रुपए देना होंगे। अमाउंट के देने के बाद रायपुर तक सरकारी कोई भी बंदा गाड़ी को हाथ नहीं लगाएगा। इस अमाउंट को देने के बाद मैकेनिकल सहित कोई एंट्री नहीं देनी पड़ेगी। रुपए देने की रसीद मिलेगी …नहीं, कोड देंगे ट्रक ऑपरेटर बने रिपोर्टर ने एजेंट से पूछा कि क्या 11300 रुपए की कोई रसीद मिलेगी ? इस पर एजेंट ने कहा – नहीं, कोड देंगे। उस कोड को बार्डर चेक पोस्ट पर बताने पर गाड़ी को नहीं रोका जाएगा। गाड़ी को (एजेंट के साथ हुई डीलिंग की रिकार्डिंग भास्कर के पास मौजूद है।)


