जिले में छुट्टी के दिन भी रजिस्ट्री होगी। इसके लिए शासन से आदेश जारी हो गए हैं। इस महीने भक्त माता कर्मा जयंती 25 मार्च, महीने के अंतिम शनिवार 29 मार्च, रविवार 30 मार्च और 31 मार्च ईद-उल-फितर की छुट्टी है। इन चार दिनों में अवकाश के बाद भी रजिस्ट्री होगी। इस दिन रजिस्ट्री कराने पर एक हजार रुपए अतिरिक्त शुल्क लगेगा। महानिरीक्षक पंजीयन छत्तीसगढ़ से जारी आदेशों में कलेक्टर बिलासपुर को भारतीय स्टेट बैंक, जिला कोषालय को भी खुला रखने के निर्देश देने को कहा गया है। सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर सर्वर ठप होने से प्रदेश में सोमवार को रजिस्ट्री का काम प्रभावित रहा। कहीं भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी और टोकन मिलने के बाद भी लोग सर्वर आने का पूरे दिन इंतजार करते रहे। इसकी वजह से पूरे राज्य में 60 करोड़ से अधिक और बिलासपुर जिले में डेढ़ करोड़ रुपए की रजिस्ट्री का काम नहीं हो सका। इसके पहले शुक्रवार को भी सर्वर की समस्या थी जिससे पूरे दिन रजिस्ट्री का काम नहीं हो पाया था। सोमवार को भी रजिस्ट्री कार्यालय का काम पूरी तरह से ठप रहा। सर्वर नहीं होने से पूरे राज्य में 8 से 10 हजार रजिस्ट्री नहीं हो पाई। जिले में रोजाना तकरीबन 200 रजिस्ट्री होती है, जिससे डेढ़ करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होता है लेकिन सर्वर नहीं होने से एक भी रजिस्ट्री नहीं हो पाई। जिला पंजीयक हो या उप पंजीयक कार्यालय सभी जगह लोग इंतजार करते नजर आए। काम नहीं होने से जिनका टोकन आज का था उन्हें अगले तारीखों का टोकन दिया गया। जिले की जमीनों का बाजार भाव पिछले चार साल से अपडेट नहीं हो पाया है। इस बीच सकरी, बिरकोना, तिफरा जैसे इलाके नगर निगम सीमा में आ चुके हैं। ऐसी स्थिति में यहां की जमीनों का बाजार भाव भी अपडेट होना है। अब तक यहां जमीनों की कीमत ग्रामीण इलाकों के हिसाब से थी लेकिन निगम क्षेत्र में शामिल होने के बाद जमीनों का बाजार भाव फिर से अपडेट होना है। बताया जा रहा है कि अप्रैल में जमीनों की कीमत के संबंध में नई गाइड लाइन आ जाएगी।


