राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रांची नगर निगम चुनाव के लिए वोटर लिस्ट में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिए जाने को लेकर नगर निकाय स्तर पर कराए गए डोर टू डोर सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। सर्वे के बाद रिपोर्ट रांची नगर निगम और रांची जिला की वेबसाइट पर सोमवार को जारी कर दिया गया है। रांची नगर निगम के सहायक प्रशासक की ओर से आम लोगों के लिए जारी सूचना में कहा गया है कि प्रकाशित सर्वे रिपोर्ट पर यदि कोई आपत्ति किसी को हो, तो वे प्रकाशित तिथि के 7 दिनों के अंदर अपनी लिखित आपत्ति दे सकता है। सर्वे रिपोर्ट देखने किए रांची नगर निगम की वेबसाइट https://www.ranchimunicipal.com पर लॉग इन किया जा सकता है। वेबसाइट के ओपन करने पर दाहिने साइड सबसे ऊपर Municipal Election – Triple Test Survey Report दिखेगा। जिसे ओपन करने पर छह अंचलों अरगोड़ा, बड़गांई, हेहल, नगड़ी, नामकुम और रांची अंचल की अलग-अलग रिपोर्ट दिखेगी। अंचल को ओपन करने पर वार्ड संख्या व बूथ वार रिपोर्ट दिखाई देगी। आम नागरिक वार्ड संख्या या बूथवार अपने नाम के आगे जाति की स्थिति देख सकते हैं। इसके बाद अगर उन्हें कोई आपत्ति है तो अपनी लिखित शिकायत निगम को दे सकते हैं। आम लोगों की आपत्ति आने के बाद फाइनल रिपोर्ट जारी की जाएगी।


