नगर पालिका प्रशासन ने पानी की सप्लाई लाइन में अवैध रूप से मोटर पंप लगाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्रशासन के अनुसार, कई इलाकों में लोग पाइपलाइन से पानी खींचने के लिए मोटर पंप का उपयोग कर रहे हैं, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को उचित मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या का समाधान करने के लिए अब ऐसे मामलों पर कार्रवाई की जाएगी। अवैध मोटरों पर होगी कार्रवाई: मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश कुमार डे ने स्पष्ट किया कि यदि किसी के घर या व्यावसायिक परिसर में पाइपलाइन से मोटर द्वारा पानी खींचने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी। मोटर जब्त करने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है और आवश्यकता पड़ने पर नल कनेक्शन भी काटा जा सकता है। नागरिकों से अपील की गई नगर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी के समान वितरण में सहयोग करें और अवैध रूप से मोटर पंप का उपयोग न करें। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जल संकट को रोकने और सभी नागरिकों को उचित मात्रा में पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।


