भास्कर न्यूज| नारायणपुर विश्व क्षय रोग दिवस हर वर्ष 24 मार्च को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे समाप्त करने के प्रयासों को गति देना है। इस वर्ष की थीम हां हम टीबी समाप्त कर सकते हैं: संकल्प, निवेश, क्रियान्वयन पर केंद्रित है जो हमें इस वैश्विक स्वास्थ्य संकट से निपटने के लिए प्रतिबद्धता, संसाधनों और ठोस कदम उठाने की याद दिलाती है।, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद भोयर ने बताया कि टीबी आज भी दुनिया के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है, जिससे लाखों लोग प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा अगर हम इस बीमारी को खत्म करना चाहते हैं, तो हमें दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करना होगा, पर्याप्त वित्तीय एवं स्वास्थ्य संसाधन जुटाने होंगे और सही दिशा में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। डॉ. विनोद भोयर ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी की निशुल्क जांच एवं उपचार उपलब्ध है। इसके अलावा, टीबी से ग्रसित मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।


