मोहाली में नगर निगम ने 2 होटल सील किए:प्रॉपर्टी टैक्स न चुकाने पर हुई कार्रवाई, ब्रांच सुपरिंटेंडेंट बोलीं- अभियान जारी रहेगा

पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर में नगर परिषद की हाउस एवं प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच ने बकाया टैक्स की अदायगी न करने पर 2 होटलों को सील कर दिया है। यह कार्रवाई जीरकपुर प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच की सुपरिंटेंडेंट प्रोमिला की अगुआई में की गई। सुपरिंटेंडेंट प्रोमिला ने बताया कि बकायादारों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन जवाब न मिलने पर मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। वहीं जीरकपुर नगर निगम के ईओ अशोक पथरिया ने कहा प्रॉपर्टी टैक्स की अदायगी न करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी बकायादार टैक्स जमा नहीं कर देते। एक बार भी नहीं भरा टैक्स नगर निगम जीरकपुर के मुताबिक पटियाला रोड स्थित होटल पर्ल ग्रैंड के मालिक की ओर से नगर परिषद को अब तक एक भी बार टैक्स जमा नहीं किया गया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने पर अधिकारियों ने होटल को सील करने का निर्णय लिया। अतिक्रमण विंग ने कार्रवाई करते हुए पटियाला रोड पर स्थित होटल पर्ल ग्रैंड और पंचकूला रोड, बलटाना की कलगीधर मार्केट में स्थित ताज-इन होटल को सील कर दिया। इस दौरान दोनों इमारतों में काम कर रहे कर्मचारियों को बाहर निकालकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। जल्द होगी और कार्रवाई प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के साथ हुई एक बैठक में बकायादारों के खिलाफ सख्त कदम उठाने पर सहमति बनी। बैठक में उन प्रॉपर्टी मालिकों की सूची पर चर्चा की गई। जिन्होंने 2013 से लागू हाउस और प्रॉपर्टी टैक्स को एक बार भी अदा नहीं किया है। जीरकपुर में सैकड़ों ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अब तक टैक्स जमा नहीं किया है। नगर परिषद ने साफ कर दिया है कि ऐसे बकायादारों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी प्रॉपर्टी को सील किया जाएगा। टैक्स जमा नहीं तो सीलिंग रहेगी जारी प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच की सुपरिंटेंडेंट प्रोमिला ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और तब तक सीलिंग की कार्रवाई नहीं रोकी जाएगी, जब तक कि बकाया टैक्स का भुगतान नहीं किया जाता।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *