फाजिल्का के डीआईजी स्वपन शर्मा ने आज अबोहर के थाना सदर का दौरा किया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीजीपी के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीआईजी ने कहा कि बॉर्डर एरिया में ड्रोन से आने वाले नशीले पदार्थों को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। पुलिस नियमित रूप से ड्रोन नष्ट कर हेरोइन बरामद कर रही है। नशा तस्करों की संपत्तियों को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है। इस कार्रवाई से अन्य तस्करों में भय का माहौल बना है और नशा तस्करी की घटनाएं कम हुई हैं। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए थानों को हाईटेक बनाया जाएगा। पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। प्रशासन असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रहा है। इस दौरान एसएसपी वरिंदर बराड, डीएसपी डी बलकार सिंह, डीएसपी तेजिंदरपाल, डीएसपी सुखविंदर सिंह, थाना प्रभारी मनिंदर सिंह और सुनील कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। डीआईजी ने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


