झारखंड के गुमला जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र में स्थित कोटाम गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात लोगों ने एक ऑटो को जला दिया। घटना की जानकारी देते हुए ऑटो मालिक इनामुल अंसारी ने बताया कि वह अपनी ऑटो को घर के आंगन में खड़ी कर रात करीब 11 बजे सोने चले गए थे। कुछ घंटों बाद टायर फटने की आवाज से उनकी नींद खुली। जब वह बाहर निकले तो देखा कि उनका ऑटो आग की लपटों में घिरा हुआ था। ऑटो पूरी तरह जलकर राख शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग जमा हो गए। सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इनामुल ने बताया कि आंगन में अन्य वाहन भी खड़े थे, लेकिन किसी ने बाउंड्री फांदकर सिर्फ उनके ऑटो को निशाना बनाया। उन्होंने मंगलवार दोपहर को गुमला सदर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


