झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के चांदसर गांव में एक बड़ी घटना सामने आई है। आग से तीन मजदूर परिवारों के फूस के घर जलकर राख हो गए। श्याम सिंह, मनोज राय और नेमानी राय के परिवार मजदूरी से जीवन यापन करते हैं। आग में इन परिवारों का घर में रखा सारा सामान जल गया। खाने का अनाज, कपड़े और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। मोटर पंप से आग बुझाने का प्रयास किया आग लगने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मोटर पंप से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना और अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे। अंचलाधिकारी खगेन महतो ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आसपास कहीं कूड़ा जलाने से आग की चिंगारी उड़कर आने का अनुमान है। फूस के घर होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत दी है। तीनों परिवारों को 8 कंबल दिए गए हैं। स्थानीय डीलर से अनाज की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने सरकारी मुआवजे का आश्वासन भी दिया है।


