पलामू जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के झारगाड़ा गांव में बिजली की टूटी तार से करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय सुनील रजक के रूप में हुई है। मंगलवार को सुनील खेत जा रहे थे। रास्ते में बिजली की एक टूटी तार पड़ी थी, जिसमें करंट प्रवाहित था। अनजाने में वह इस तार के संपर्क में आ गए और बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने बिजली कटवाई आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों ने यह देखा और तुरंत बिजली कटवाई। उन्होंने सुनील को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुनील अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी मौत से परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया है। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सुनील की मौत से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।


