प्रदेश की 9 नगरीय निकायों (नगर पालिका/नगर परिषद) में खाली वार्डों पर उपचुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के मुताबिक इन निकायों में उपचुनाव के लिए वोटिंग 9 जनवरी को होगी, जबकि 10 जनवरी को मतों की गणना करके रिजल्ट घोषित किया जाएगा। वार्डो में उपचुनाव के बाद तीन निकायों में अध्यक्ष पद के भी चुनाव करवाए जाएंगे। आयोग से जारी शेड्यूल के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 26 दिसंबर को जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन पत्र भरने शुरू हो जाएंगे। नामांकन भरने का आखिरी दिन 30 दिसंबर होगा और अगले दिन यानी 31 दिसंबर को प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 2 जनवरी तक का दिया समय चुनाव लड़ने के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार अगर चुनाव नहीं लड़ना चाहते तो उन्हें नाम वापसी के लिए 2 जनवरी तक का समय दिया जाएगा। इसके बाद 3 जनवरी को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर 9 जनवरी को वोटिंग करवाई जाएगी। वोटिंग का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक रहेगा। 10 जनवरी को सुबह 9 बजे मतगणना शुरू की जाएगी और दोपहर तक परिणाम जारी कर दिया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए 20 जनवरी को वोटिंग जिन तीन निकायों में अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग होनी है उसके लिए भी शेड्यूल जारी किया है। अध्यक्ष पद के लिए अधिसूचना 13 जनवरी को जारी की जाएगी और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार 14 जनवरी तक अपना नामांकन पत्र भरकर दे सकते है। नाम वापसी के लिए 16 जनवरी तक का समय होगा और उसके बाद जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को वोटिंग करवाई जाएगी। वोटिंग का समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। वोटिंग के खत्म होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और शाम तक परिणाम जारी किया जाएगा। इन निकायों में होंगे उपचुनाव शेड्यूल के मुताबिक बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ नगर पालिका के वार्ड 17 और अध्यक्ष पद, नगर पालिका कपासन के वार्ड 17, दौसा नगर परिषद के वार्ड 17, नगर पालिका पीलीबंगा के अध्यक्ष पद के लिए, नगर पालिका फुलेरा के वार्ड 18, नगर परिषद झालावाड़ के वार्ड 13, नगर पालिका पीपाड़ शहर के वार्ड 30, नगर परिषद सवाई माधोपुर के वार्ड 55 और नगर पालिका रींगस के वार्ड 12 और अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव करवाए जाएंगे।


