मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे पन्ना पहुंचे। यहां केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमि पूजन से पहले आयोजित संत सम्मेलन, जल कलश यात्रा एवं लोक कल्याण शिविर कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने 98 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से 13 विकास कार्यों का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इसमें लोक निर्माण विभाग के 11 करोड़ 34 लाख रुपए की लागत के 4 विकास कार्य, लोक निर्माण विभाग के 63 करोड़ 9 लाख रुपए की लागत का एक कार्य, जल संसाधन विभाग के 18 करोड़ 85 लाख रुपए लागत के 6 कार्य और मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण पन्ना के 5 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत के 2 कार्य शामिल हैं। कांग्रेस और प्रियंका पर बरसे उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया को पता है कि भगवान राम अयोध्या में पैदा हुए, लेकिन कांग्रेस वालों को आज तक नहीं पता चला कि भगवान अयोध्या में पैदा हुए।सीएम पन्ना के पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने सभा में कहा कि सनातन व भगवान के काम में अड़ंगे लगाते-लगाते कांग्रेस कहां से कहां पहुंच गई। एक समय था, जब कांग्रेस की पूरे देश में सरकारें थी। आज मध्य प्रदेश में तो सफाया हो गया हैं, वहीं प्रियंका गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह चुनाव व राजनीति भारत में करती हैं, आजकल बैग फिलिस्तीन का लेकर चलती हैं। कार्यक्रम के बाद करीब 5:30 बजे सीएम पन्ना से खजुराहो के लिए चले गए।


