सिविल अस्पताल में देह व्यापार के आरोप में पकड़ी गई एक महिला पुलिस के चंगुल से फरार हो गई। आरोपी महिला ने वॉशरूम जाने के बहाने पुलिस मुलाजिम को धक्का दिया और फिर भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गई। पुलिस ने महिला के खिलाफ थाना डिवीजन-2 में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस चौकी कोचर मार्केट से कांस्टेबल जसप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने बस स्टैंड से देह व्यापर के मामले में 6 महिलाओं को गिरफ्तार किया था। सभी को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने महिलाओं को यूपीटी टेस्ट कराने की सलाह दी, जिसके बाद आरोपी परमजीत कौर महिला पुलिस कर्मचारी के साथ वॉशरूम जाने लगी। वॉशरूम में पहुंचते ही परमजीत कौर ने महिला पुलिस कर्मचारी को धक्का दिया और देखते ही देखते मौके का फायदा उठाकर अस्पताल के परिसर में मौजूद भीड़ के बीच से फरार हो गई। ये घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि आरोपी महिला को अस्पताल के अंदर से भागने का मौका मिल गया। पुलिस अब अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार महिला की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।


