भास्कर न्यूज| महासमुंद तुमगांव स्थित करणी कृपा पावर प्लांट की समस्याएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। प्लांट में दुर्घटनाओं की संख्या भी बढ़ रही है, साथ ही साथ प्लांट के प्रदूषण के कारण लोग आक्रोशित हैं और आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनों से तनाव की स्थिति निर्मित हो रही है। महासमुंद के पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि एक त्रिपक्षीय वार्ता हो, जिसमें प्लांट प्रबंधन, प्रशासन और आंदोलनकारी तीनों पक्ष मिलकर सभी समस्याओं का समाधान निकाले। इस त्रिपक्षीय वार्ता में प्रबंधन, प्रशासन और आंदोलनकारी तीनों पक्ष प्लांट में सुरक्षा संबंधी, प्रदूषण संबंधी, मुआवजा संबंधी और अन्य जो भी समस्याएं हैं, उन सभी पर विचार विमर्श करें और सभी समस्याओं का समाधान करें। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि रोजगार के लिए क्षेत्र में उद्योग भी जरूरी है और क्षेत्र में प्रदूषण मुक्त वातावरण भी जरूरी है। प्लांट में प्रदूषण के कारण लोग आंदोलन कर रहे हैं इससे तनाव की स्थिति बन रही है, जिसके कारण क्षेत्र में औद्योगिक अशांति फैली हुई है। प्लांट प्रबंधन को आवश्यक रूप से प्लांट में प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी पुख्ता इंतजाम करना चाहिए जिससे प्लांट और उसके आसपास प्रदूषण न फैले। अगर प्लांट संचालित होने से प्रदूषण के कारण किसी किसान के फसलों को क्षति पहुंच रही है तो उनको उनका मुआवजा निश्चित रूप से देना चाहिए। यह प्रशासन को आवश्यक रूप से निर्देशित करना चाहिए। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि वार्ता के बाद भी अगर समस्याओं का कोई समाधान नहीं निकलता तो वे खुद उद्योग मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष मिलकर प्लांट की सभी समस्याओं और उनके समाधानों की बात करेंगे। इसके लिए उन्होंने उद्योग मंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र भी प्रेषित कर दिया है, जिसमें मां करणी कृपा पावर प्लांट तुमगांव से संबंधित सभी समस्याएं दर्ज की गई है।


