ओरमांझी | रामनवमी के उपलक्ष्य में ओरमांझी पूजा समिति द्वारा मंगलवार को भव्य मंगलवारी जुलूस का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा दुर्गा महादेव मंदिर, ओरमांझी से प्रारंभ होकर शंकर चौक, काली मंदिर, बाजार टांड़ होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। जुलूस में जय श्रीराम, बजरंगबली की जय, हर हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं में महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भागीदारी रही, जिन्होंने पूरे जोश और उमंग के साथ शोभायात्रा में हिस्सा लिया। श्री राम, लक्ष्मण, जानकी और हनुमान के रूप में सजे बच्चे बने आकर्षण का केंद्र शोभायात्रा में विशेष रूप से श्रीराम, लक्ष्मण, जानकी और हनुमान का मनमोहक रूप धारण किए हुए बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कुछ युवाओं ने तलवार और लाठी कला का अद्भुत प्रदर्शन कर माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष रामकुमार महतो, सचिव दीपक बड़ाईक, कोषाध्यक्ष दुर्गा शंकर साहू, दिलीप मेहता, राजेश गुप्ता, शशि मेहता, संतोष कुशवाहा, सतीश बड़ाईक, आनंद महतो, सुरेश मेहता, रूपेश साहू समेत सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था, भक्ति और सामुदायिक एकता का प्रतीक बनी, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल बना रहा।


