भास्कर न्यूज | अमृतसर नशे के खिलाफ अभियान के तहत जिला प्रशासन ने गुमटाला में तस्कर 2 चचेरे भाइयों के घर पर कार्रवाई की। नशा तस्कर अनवर गिल और अभी के घर पर जेसीबी से ढहाया गया। यह कार्रवाई मंगलवार दोपहर 12 बजे की गई। पुलिस ने घर से एक पिस्तौल भी बरामद किया है। दोनों तस्करों के पाकिस्तानी तस्करों के साथ लिंक हैं जो ड्रोन के जरिए हेरोइन मंगवाकर सप्लाई करते थे। मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अनवर गिल पर एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत 5 केस दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त है और फिलहाल जेल में है। अभी पर भी एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत 2 केस दर्ज हैं। दोनों चचेरे भाई हैं और एक ही मकान में रहते थे। सीपी भुल्लर ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जो भी गैरकानूनी काम में शामिल होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान तब तक चलेगा, जब तक अपराधी या तो मुख्यधारा में नहीं आ जाते या पंजाब छोड़कर नहीं चले जाते। इस मौके पर नगर निगम अधिकारियों के साथ डीसीपी आलम विजय सिंह, शिवदर्शन सिंह और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।


