भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली ने लुधियाना पहुंचकर अदालतों का वार्षिक निरीक्षण शुरू कर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन और वकीलों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया। पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली ने मंगलवार को जिला लुधियाना की अदालतों का वार्षिक निरीक्षण किया। वह दो दिनों के दौरे पर 25 और 26 मार्च जिला लुधियाना की अदालतों का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले उनका जिला कोर्ट परिसर में पहुंचने पर जिला बार एसोसिएशन ने स्वागत किया। जस्टिस अरुण पल्ली ने अदालतों में जाकर अदालती कार्यवाही को देखा। उन्होंने जिला बार संघ के बार रूम में जाकर वकीलों से मुलाकात की व वकीलों को संबोधित करते हुए कहा वकीलों को न्याय वितरण प्रणाली के समुचित व सुचारू संचालन के लिए अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने वकीलों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही अदालतों में लंबित मामलों की फाइलों को देखने के लिए इंस्पेक्शन सेंटर पुन: खोला जाएगा, ताकि सभी वकील शांतचित्त होकर न्यायालय के फाइल्स का निरीक्षण कर सकें। इस्पेक्टिंग सेल पहले भी खोला गया था, जो अधिवक्ताओं के लिए काफी लाभदायक सिद्ध हुआ था, लेकिन कुछ मुद्दों के कारण कुछ वर्ष पूर्व इन्हे बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय में भी अधिवक्ताओं के लिए अलग से इंस्पेक्टिंग सेल है, जहां विभिन्न न्यायालयों से फाइलें आती हैं, जिससे अधिवक्तागण सौहार्दपूर्ण वातावरण में फाइलों का निरीक्षण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि न्यायालय की फाइलों का समुचित निरीक्षण किया जाए, तो अधिवक्ता आधी लड़ाई तो बहस शुरू करने से पहले ही जीत लेते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वकीलों को लॉयर्स चैंबर कॉम्प्लेक्स पार्ट-1 की पहली मंजिल पर खाली जगह का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी, जहां पहले एक कैंटीन चल रही थी, लेकिन वर्षों पहले बंद हो गई थी। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी ने पहली मंजिल पर खाली जगह का उपयोग करने की मंजूरी देते हुए प्रस्ताव पारित किया है।


