भास्कर न्यूज | राजनांदगांव हिन्दू नववर्ष अवसर पर सनातन धर्म महासभा सेवा परिवार द्वारा चैत्र नवरात्र की पूर्व संध्या 29 मार्च को शहर में सनातन एकता यात्रा निकालेगी। बालाजी मंदिर गंज लाइन से दोपहर 3 बजे सनातन एकता यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समित के सदस्य इसे सफल बनाने तैयारी में जुटे हैं। इसका शहर में जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। मंगलवार को आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रेसवार्ता में इस सनातन यात्रा के विषय में जानकारी दी। छत्तीसगढ़ सनातन धर्म महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पटाक ने बताया कि सनातन एकता यात्रा में मुख्य रूप से भगवान राम, हनुमान जी की भव्य झांकी, बालवीर हनुमान, आदिवासी नृत्य, नव देवी दुर्गा, रामधुनी डीजे, बैंड पार्टी में मधुर भजन मंडलियां आकर्षण का केन्द्र रहेगी। यह यात्रा बालाजी मंदिर गंज लाईन से पूजा-अर्चना कर प्रारंभ होगी जो पुरानी गंज लाइन तिरंगा चौक, आजाद चौक, मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, दुर्गा चौक, बालगोविंद चौक, बसंतपुर थाना, सदर बाजार होते हुए बालाजी मंदिर में समाप्त होगी। भगवान को भोग लगाकर प्रसादी की जाएगी। प्रेसवार्ता में शिव वर्मा, सुदेश देशमुख, सौरभ खंडेलवाल, मेजर राजेश शर्मा, संतोष शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता हरीश गांधी, शारदा तिवारी, राकेश ठाकुर, मौसमी शर्मा एवं ममता शर्मा मौजूद रही। सनातन को एकजुट करना इस यात्रा का उद्देश्य: संतोष पटाक ने बताया कि हिन्दू सनातन एकता यात्रा का मुख्य उद्देश्य सभी सनातनी भाइयों को एक एकत्र करना इस यात्रा का उद्देश्य है। सनातन धर्म वह धर्म है जिसका प्रारंभ तो है मगर अंत नहीं है।, यह धर्म जात-पात की करो विदाई, हम सब भाई-भाई की अपील करता है। संस्कारधानी शहर के धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं, सभी गणेश उत्सव समिति, दुर्गा उत्सव समिति, मंदिरों और हिन्दू संगठनों के सदस्य इसका स्वागत करेंगे। इसके लिए शहर में स्वागत द्वार बनाया जा रहा है।


