भास्कर न्यूज | बंडामुंडा दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर अमिताभ मुखर्जी ने मंगलवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुंडा स्थित डूमरता से लिंक-सी केबिन के बीच बिछाई गई डबलिंग रेल लाइन में 75 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से स्पेशल ट्रेन चलाकर स्पीड ट्रॉयल किया। सुबह करीब 10 बजे पीसीसीओ ने सर्वप्रथम लिंक सी- केबिन से डूमरता के बीच बिछाई गई साढ़े पांच किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निरीक्षण मोटर ट्रॉली में बैठकर किया। निरीक्षण दोपहर करीब एक बजे तक चला। इस दौरान पीसीसीओ ने डूमरता स्टेशन में किए गए एनआइ वर्क, सिग्नल आदि का निरीक्षण कर रेल लाइन की गुणवत्ता की जांच परख की। मौके पर उनके साथ चक्रधरपुर रेल मंडल के तमाम रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान पीसीसीओ ने रेल ट्रैक से जुड़े सिग्नल, गेट, ब्रिज, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स और इंस्टालेशन व उनकी कार्य क्षमता का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने ब्रिज, स्लीपर, नट बोल्ट, गेज क्रॉस का भी बारीकी से जांच की। जिसके बाद पीसीएसओ द्वारा डूमरता से लिंक सी तक रेल लाइन का स्पीड ट्रॉयल किया गया। यह स्पीड टेस्ट 13.25 बजे शुरू होकर 13.40 बजे खत्म हुआ। ज्ञात हो कि पीसीएसओ द्वारा किए गए इस स्पीड टेस्ट की रिपोर्ट कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी अधिकारी को दी जाएगी। जिसके बाद कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी अधिकारी द्वारा पुनः स्पीड टेस्ट किया जाएगा। उनकी अनुमति मिलने के बाद ही इस नवनिर्मित रेल लाइन में यात्री और मालगाड़ी ट्रेनों का परिचालन किया जा सकेगा।


