भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले में अब भीषण गर्मी की शुरुआत होने वाली है। इसी हफ्ते तापमान 40 डिग्री तक जाने की संभावना है। इसके पीछे का कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर कम होना है, जिसके कारण अब फिर से पारा चढ़ने लगेगा। मंगलवार को कवर्धा शहर में दोपहर का तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात का तापमान 25 डिग्री था। हालांकि शहर के तुलना में ग्रामीण अंचल में न्यूनतम व अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री तक कम रहा है। वनांचल होने के कारण ग्रामीण अंचल में फिलहाल तापमान कम है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ होना शुरू हो गया है। अगले तीन-चार दिन में तापमान में वृद्धि होने से गर्मी बढ़ेगी। प्रदेश में मौसम में आया बदलाव अब खत्म होने वाला है। छत्तीसगढ़ के आसपास बने सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहे हैं। इस कारण से तापमान बढ़ेगा। जिले में बुधवार को दिन का तापमान 39 डिग्री व रात का 21 डिग्री, गुरुवार को दिन का तापमान 40 व रात का 23 डिग्री, शुक्रवार को दिन का तापमान 40 व रात का 24 डिग्री, शनिवार को दिन का तापमान 39 व रात का 22 डिग्री व रविवार को दिन का तापमान 40 व रात का 21 डिग्री रहने की संभावना है। कूलर व एसी की डिमांड बढ़ी: गर्मी आते ही कूलर, पंखा, एसी और फ्रिज की मांग बढ़ गई है। इनकी कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। अभी से तपन को देखते हुए लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। मार्च के मध्य में ही जिले का 35 डिग्री पार कर गया है। इसके चलते घरों में कूलर, पंखे और एसी तक चलने शुरू हो गए हैं। लोगों ने ठंडा पानी व अन्य ठंडे पेय पदार्थों का उपयोग करना शुरू कर दिया है। खाद्य सामग्री खराब होने से बचाने के लिए फ्रिज का भी खूब इस्तेमाल हो रहा है। बाजारों में इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर कूलर, पंखा, एसी व फ्रिज की मांग बढ़ गई है। इस बार कूलर की कीमत साइज अनुसार 25 सौ से तीन हजार से शुरू हो रहे हैं। इसके बाद बड़े साइज के कूलर 5 हजार से 7 हजार में बिक रहे हैं।


