राजनांदगांव के भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नई सुविधाओं का विस्तार होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 25 मार्च को कॉलेज के वार्षिकोत्सव में यह घोषणा की। मेडिकल कॉलेज में कई नई सुविधाएं जुड़ेंगी। 7 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से ट्रामा सेंटर का निर्माण होगा। 30 करोड़ रुपए की एमआरआई मशीन जल्द ही स्थापित की जाएगी। हृदय रोगियों के लिए 4 करोड़ 50 लाख रुपए की कैथ लैब बनेगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 50 लाख रुपए का मॉड्यूलर किचन बनाया जाएगा। कॉलेज और अस्पताल के लिए 50 लाख रुपए की उच्च गुणवत्ता वाली लॉन्ड्री मशीन खरीदी जाएगी। तीन महीने के भीतर सीटी स्कैन मशीन भी स्थापित होगी। अगले 4 सालों में और भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी डॉ. रमन सिंह ने बताया कि 2014 में स्थापित इस मेडिकल कॉलेज को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ मेडिकल कॉलेज बनाने का लक्ष्य है। आगामी चार सालों में यहां सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कॉलेज परिसर में फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना भी की जाएगी और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी।


