सिवनी जिले के आदिवासी बहुल विकासखंड कुरई के भीमलटोला गांव के कुएं में एक बाघ मृत अवस्था मे मिला है। गुरुवार दोपहर जब कुछ लोग कुएं की तरफ गए तो उन्हें अंदर बाघ का शव दिखाई दिया। इस बात की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन अमला मौके पर पहुंचा। खवासा वन परिक्षेत्र अधिकारी घनश्याम चतुर्वेदी ने बताया कि पेंच नेशनल पार्क क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र खवासा की भीमलटोला निवासी वीरेन्द्र भलावी के खेत में बने कुएं में ग्रामीणों को शव दिखाई दिया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर बाघ के शव को कुएं से निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। जिस कुएं में घटना हुई, वह बिना मुंडेर का है। कुएं के ऊपरी हिस्से में घास उग आने से कुआं दिखाई नहीं देता। संभवत: इसके चलते बाघ कुएं में गिर गया। कुएं की दीवार पर बाघ के पंजे के निशान भी मिले हैं। संभवत: बाघ ने गिरने के बाद कुएं से बाहर निकलने का प्रयास किया था। थकने के कारण वह पानी में डूब गया। पेंच पार्क के डॉक्टर ने बाघ के शव का परीक्षण किया एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक बाघ की उम्र 4 से 5 साल बताई जा रही है।


