उज्जैन में डॉ. अंबेडकर विद्यार्थी संगठन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला जलाने की की कोशिश की। पुलिस ने पुतला छीना, तो शाह की फोटो जलाकर विरोध दर्ज कराया। गुरुवार शाम टावर चौक से पुलिस एक छात्र नेता को हिरासत में लेकर ले गई। इस पर संगठन से जुड़े छात्र माधवनगर थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने का घेराव कर नारेबाजी की। कुछ देर बाद पुलिस ने छात्र नेता को समझाईश
देकर छोड़ दिया। शाह का विरोध इसलिए दरअसल, गृह मंत्री शाह ने मंगलवार को राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान कहा था , ‘अभी एक फैशन हो गया है। अंबेडकर, अंबेडकर… इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’ इसी के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है। सुबह कांग्रेस ने टावर चौक पर काली पट्टी बांधकर धरना दिया था। पुलिस भी अलर्ट थी डॉ. भीमराव अंबेडकर विद्यार्थी संगठन के प्रमुख छात्र नेता राम सोलंकी के नेतृत्व में शाम को संगठन से जुड़े लोग जुटे। बड़ी संख्या में पुलिस भी पहले से मौजूद थी। संगठन के कुछ लोग टावर के आस-पास घूमकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक छात्र दूसरी ओर से घास की पिंडी में आग लगाकर दौड़ता हुआ यहां पहुंचा। एक पुलिसकर्मी ने उससे घास और लकड़ी छीन ली। इसके बाद अमित शाह के फोटो में आग लगा दी। पुलिस ने फौरन फोटो लेकर आग को बुझाया।


