एसडीआरएफ मुख्यालय द्वारा जबलपुर की तंग गलियों में अग्नि हादसों से निपटने के लिए 2017 और 2020 में तीन फायर मिस्ट मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई गई थीं। लेकिन तकनीकी खामियों के कारण इनका उपयोग आज तक नहीं हो सका और लाखों रुपये की कीमत की ये मोटरसाइकिलें अब कबाड़ में तब्दील हो रही हैं। अग्नि हादसों से निपटने के लिए आई थीं बाइक होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नीरज सिंह ने बताया कि ये मोटरसाइकिलें शहर की तंग गलियों में अग्नि हादसों पर काबू पाने के लिए भेजी गई थीं। लेकिन तकनीकी खामियों के चलते इनका उपयोग कभी नहीं हुआ। सुधार कार्य भी नहीं हो पाया। 35-40 लीटर के वॉटर टैंक लगे हैं बाइक में कमांडेंट ने बताया कि हिमालयन कंपनी की इन बाइक्स को मॉडिफाई कर 35-40 लीटर के वॉटर टैंक और 100 फीट तक पानी के प्रेशर क्षमता के साथ तैयार किया गया था। हालांकि, ओवरहीटिंग की समस्या के कारण ये बाइक्स फेल हो गईं। लगभग 5 लाख रुपये कीमत की ये मोटरसाइकिलें अब केवल शोपीस बनकर रह गई हैं। तंग गलियों में बड़ी जरूरत थी जबलपुर की तंग गलियों में कई अग्नि हादसे ऐसे हुए हैं जहां दमकल के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते। इन मोटरसाइकिलों का उपयोग वहां आग बुझाने के लिए कारगर साबित हो सकता था। लेकिन उचित रखरखाव और तकनीकी सुधार न होने के कारण ये मोटरसाइकिलें अब बेकार हो गई हैं।


