भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए पंडरिया क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान 253 उपभोक्ताओं से 1 करोड़ 5 लाख रुपए की बकाया राशि वसूली गई। वहीं भुगतान नहीं करने वाले 2456 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। पंडरिया संभाग के सभी वितरण केंद्रों पंडरिया, कुंडा, दामापुर, कुकदूर, कापादह, बोड़ला, चिल्फी, पोंडी, तरेगांव और पांडातराई में यह अभियान चलाया गया। बिजली कंपनी उपभोक्ताओं को समय पर बिल भुगतान के लिए स्पॉट बिलिंग के जरिए बिल उपलब्ध कराती है। इसके बावजूद कई उपभोक्ता समय पर भुगतान नहीं कर रहे थे। समझाइश के बाद भी बिल नहीं चुकाने वालों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बिजली चोरी के मामले भी सामने आए। सर्विस कनेक्शन में बायपास और हुकिंग कर बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई हुई। विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत 202 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में 70 लाख 73 हजार रुपए की पेनाल्टी लगाई गई। 8 करोड़ बकाया, भुगतान होने नहीं पर कनेक्शन काटे: पंडरिया संभाग के कार्यपालन अभियंता केके झा ने बताया कि 2456 उपभोक्ताओं पर 8 करोड़ 5 लाख रुपए का बकाया था। भुगतान नहीं करने पर उनके कनेक्शन काटे गए। वहीं, 253 उपभोक्ताओं से 1 करोड़ 5 लाख रुपए की वसूली हुई। सरकारी विभागों के बकाया भुगतान के लिए विभाग प्रमुखों को नोटिस जारी किया गया। अब तक 52 विभागों में से स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचई, ट्राइबल और राजस्व विभाग ने 71 लाख 44 हजार रुपए का भुगतान किया है।


