कांके में भाजपा नेता अनिल महतो टाइगर की हत्या की राजनीतिक दल के नेताओं ने की निंदा

कांके चौक पर भाजपा रांची ग्रामीण जिला महामंत्री और पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो (टाइगर) की हत्या से राज्य का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्ष ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा रांची ग्रामीण जिला महामंत्री अनिल टाइगर की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने से स्तब्ध हूं। अपराधी बेखौफ होकर जनप्रतिनिधियों पर हमला कर रहे हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां न जनप्रतिनिधि सुरक्षित हैं और न ही आम नागरिक। पुलिस अफसर जब जमीन का धंधा करेंगे और करवाएंगे, तो ऐसी घटनाएं होंगी ही। घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। अपराधी-माफिया का मनोबल काफी बढ़ गया है : सांसद प्रदीप वर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल टाइगर की हत्या पर रोष जताया। कहा कि झारखंड की मौजूदा सरकार के संरक्षण में अपराधी-माफिया का मनोबल काफी बढ़ गया है। दिनदहाड़े जघन्य अपराधों को अपराधी अंजाम दे रहे हैं। राज्य की पुलिस हाथ में हाथ धरे बैठे है। सरकार नागरिकों को सुरक्षा देने में फेल है। भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। दीपक प्रकाश बोले-पुलिस का डर खत्म हो गया है : प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने अनिल टाइगर की निर्मम हत्या पर शोक व्यक्त किया। कहा कि झारखंड में जंगल राज है। अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। पुलिस प्रशासन का लेस मात्र भी डर अपराधियों में नहीं है। राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है, राजधानी पूरी से तरह अपराधियों की गिरफ्त में आ गई है। सरकार और प्रशासन बालू बेचने व जमीन दलाली में व्यस्त है। राज्य में जंगल राज कायम हो गया है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह घटना हतप्रभ करने वाली बात है। कांके चौक पर दिनदहाड़े वरिष्ठ नेता की हत्या हो जाती है। बीच चौराहे पर अपराधी गोली मार के चल देते हैं और पुलिस प्रशासन देखता रह जाता है। अपराधियों में पुलिस प्रशासन का खौफ समाप्त हो चुका है। इस घटना ने एक बार फिर से प्रमाणित कर दिया कि शहर में कोई सुरक्षित नहीं है। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के बाद घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और राज्य अपराधियों-माफिया के हवाले है। हेमंत सरकार को आमजन के जान-माल की कोई चिंता नहीं है। जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का भगवान ही मालिक है। सुदेश महतो ने अनिल टाइगर की पत्नी, पुत्र व परिजनों को ढांढस बंधाया। आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि अनिल टाइगर एक सक्रिय उभरते नेता थे और उनकी हत्या एक साजिश के तहत की गई है, जिसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। वहीं, आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि राज्य में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने कांके के पूर्व जिला परिषद सदस्य और भाजपा नेता अनिल महतो (टाइगर) की हत्या पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का इकबाल पूर्णत: समाप्त हो चुका है। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे और पुलिस मूक दर्शक बनी है। अपराध नियंत्रण के तमाम दावे विफल साबित हो रहे हैं। जयप्रकाश जनता दल के राष्ट्रीय सचिव पंकज मिश्र ने कहा कि झारखंड में कानून व्यस्था ध्वस्त है। लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रशासन पर किसी का कंट्रोल नहीं है। राज्य में कई घटनाएं दिन के उजाले में हुई, पर प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। कांके थाना के बगल में दिनदहाड़े हत्या ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराधी बेलगाम हो गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने अनिल टाइगर की हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है। कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जिस प्रकार आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के प्रति सक्रियता से जुटी है, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी प्रकार इस हत्याकांड का भी उद्भेदन यथाशीघ्र करने की दिशा में राज्य सरकार तत्परता दिखाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *