वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में रांची रेल मंडल में कई काम पूरे होंगे। अमृत भारत स्टेशन के तहत रांची रेल मंडल में बन रहे 15 स्टेशनों में से ओरगा, गोविंदपुर रोड, बालसिरिंग व कुछ अन्य स्टेशनों का शुभारंभ किया जाएगा। अमृत भारत के तहत स्टेशनों को आधुनिक और बेहतर बनाया जा रहा है। रांची रेलवे स्टेशन में बन रहा प्लेटफॉर्म नंबर-6 जून के अंतिम सप्ताह से काम करने लगेगा। इस प्लेटफॉर्म का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यह जानकारी देते हुए रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने बताया कि रांची रेलमंडल के अंतर्गत हटिया से बंडामुंडा तक 129 किलोमीटर ट्रैक का दोहरीकरण किया जा रहा है। इसका 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसमें कनरवा -टाटी तक 13 किलोमीटर और टाटी से परबाटोनिया तक 7 किलोमीटर दोहरीकरण का कार्य बचा हुआ है। इसके अंतर्गत परबाटोनिया व ओड़गा स्टेशन के बीच नवनिर्मित दोहरी लाइन (8 किलोमीटर) का विस्तृत निरीक्षण किया जा चुका है। ड्रिंकिंग वाटर के लिए एनजीओ से समझौता: सीनियर डीसीएम ने कहा कि गर्मी में पानी की खपत ज्यादा होती है। इसके लिए सभी स्टेशनों पर पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था में रांची रेल मंडल लग गया है। ड्रिंकिंग वाटर के लिए कई एनजीओ से भी टाइअप किया जाएगा। किसी भी स्टेशन पर पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कई एनजीओ यात्रियों को घड़े का पानी उपलब्ध कराएंगे। हटिया- हावड़ा एक्सप्रेस में अप्रैल से सामान्य श्रेणी के 4 कोच होंगे यात्रियों की सुविधा के लिए रांची रेल मंडल से परिचालित कई ट्रेनों के कोच संयोजन में बदलाव किया जा रहा है। इनमें ट्रेन संख्या 18616-18615 हटिया- हावड़ा एक्सप्रेस में 3-4 अप्रैल से सामान्य श्रेणी के 3 कोच की जगह 4 कोच और द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 7 कोच की जगह 6 कोच होंगे। कुल 22 कोच होंगे। ट्रेन संख्या 12825-12826 आनंद विहार टर्मिनल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 3-5 अप्रैल से सामान्य श्रेणी के 03 कोच की जगह 4 कोच होंगे। गर्मी की छुटि्टयों में स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं रांची रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 6 और साउथ साइड फेसिलिटी का तेजी से चल रहा काम।


