कांके थाना से 100 कदम की दूरी पर हत्या से आक्रोश, थाने में प्रदर्शन

हत्या के बाद पूरे शहर में तनाव की स्थिति, आक्रोशित लोग बोले- कोई सुरक्षित नहीं रांची में बुधवार को कांके थाना से महज 100 कदम की दूरी पर पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल महतो टाइगर की हत्या के बाद एक बार रांची फिर दहल गई। इसी महीने की सात तारीख को कोयला कारोबारी को दिन दहाड़े गोली मारकर अपराधियों ने शहर में सनसनी फैला दी थी। अभी मामला शांत भी नहीं हुआ था कि एक बार फिर पूर्व जिप सदस्य की गोली मार हत्या कर दी गई। हालांकि शूटर को स्थानीय लोगों के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना को लोहरदगा में मारे गए सुभाष जायसवाल की हत्या से जोड़ कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सुभाष जायसवाल की हत्या के प्रतिशोध में अनिल टाइगर की हत्या की गई है, ऐसा बताया जा रहा है। लेकिन हत्या के पीछे अभी किस व्यक्ति का मुख्य रूप से हाथ है, यह साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनिल की हत्या के बाद कांके रोड में तीन घंटे तक स्थानीय लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। कांके थाना का भी घेराव किया और आक्रोश जताया। घटना के बाद शहर के लोगों में दहशत और गुस्सा है। कहा- पुलिस कार्रवाई करती है। अपराधी पकड़े भी जाते हैं। लेकिन अपराधियों को पुलिस सजा नहीं दिला पाती। रांची में नहीं थम रहा हत्या का सिलसिला… मधुसूदन राय के बाद अब अनिल टाइगर को मार डाला 11 मार्च 2025: कांके थाना क्षेत्र में जमीन और पैसे के बंटवारे के विवाद में जमीन कारोबारी के करीब जितेंद्र नाम के युवक को गोली मारी। 7 मार्च 2025: चान्हो इलाके में स्थित आनंद मार्ग में रात में लूटपाट करने पहुंचे अपराधियों ने साधु मुकेश साह और राजेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 15 दिसंबर 2024: नामकुम थाना क्षेत्र में राजा उलिहातू के रहने वाले जमीन कारोबारी मधुसूदन राय गोली मार कर हत्या। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। 8 जुलाई 2024: धुर्वा में दुकान में बैठे पूर्व पार्षद को पीछे से आकर अपराधियों ने गर्दन में गोली मारी, इलाज के दौरान दिल्ली में हुई मौत। 4 जनवरी 2024: रातू थाना क्षेत्र स्थित आस्थापुरम कॉलोनी में अपराधियों ने कोयला कारोबारी अभिषेक श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी। रिम्स पहुंचे भाजपाई, किया प्रदर्शन कांके चौक में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने के बाद आनन-फानन में उन्हें रिम्स लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को इमरजेंसी के शवगृह में रखा गया। मृत्यु की सूचना मिलते ही रिम्स में लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। देखते ही देखते 500 से ज्यादा लोग रिम्स पहुंच गए। इनमें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, कांके विधायक सुरेश बैठा, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, आरजेडी नेत्री शोभा यादव, संजीव विजयवर्गीय, मुनचुन राय समेत अन्य थे। सभी ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने रिम्स इमरजेंसी के समीप टायर जलाकर प्रदर्शन किया। कांके के खटंगा के रहने वाले थे अनिल अनिल टाइगर मूल रूप से कांके थाना क्षेत्र के खटंगा के रहने वाले थे। वे कोकर के खोरहाटोली स्थित शंकर कंपाउंड में दूसरे मकान में रहते थे। अनिल के परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे अपने कोकर स्थित आवास से निकले थे। उनके मोबाइल पर कुछ नंबर से कॉल आ रहे थे। पुलिस उन सभी नंबरों की भी जांच कर रही है। अनिल कांके में रामनवमी की तैयारी भी कर रहे थे। वे दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कांके पहुंचे। थाना से महज 100 कदम की दूरी पर कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास अपने साथियों के साथ चाय दुकान में बैठे थे। कुछ लोग मंदिर के पास झंडा लगा रहे थे। इसी बीच एक युवक मौके पर पहुंचा और पिस्टल निकाल कर अनिल टाइगर के सिर में गोली मार दी। अनिल वहीं पर गिर गए। उन्हें रिम्स ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टायर जलाकर किया प्रदर्शन फिर दहली राजधानी रिम्स पहुंचे भाजपा के नेता व कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर टायर जलाकर किया विरोध, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *