भास्कर न्यूज | कवर्धा बोड़ला ब्लॉक ग्राम मुड़घुसरी में करीब 20 साल से पत्थर खदान संचालित है। यहां चल रही पत्थर खदान ने ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। आरोप है कि खदान संचालक बिना किसी मानक और चेतावनी के हैवी ब्लास्टिंग करा रहा है। इससे गांव में धूल, कंकड़ और भारी पत्थर गिर रहे हैं। ग्रामीणों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। परेशानी ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंच जिला खनिज अधिकारी से इसकी लिखित शिकायत की है। खदान को बंद करने मांग की है। ग्रामीण राजकुमार साहू ने बताया कि खेतों में बड़े-बड़े पत्थर गिरने से फसल बर्बाद हो रही हैं। लगातार ब्लास्टिंग से जल स्तर नीचे चला गया है। हैंडपंप और बोरपंप सूख चुके हैं। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को जल संकट झेलना पड़ रहा है। खदान से निकलने वाले ट्रकों से सड़क खराब: मुड़घुसरी में संचालित पत्थर खदान से निकलने वाले 12 से 16 चक्के वाले भारी वाहनों से सड़कें जर्जर हो गई हैं। धूल उड़ने से ग्रामीणों को सांस और एलर्जी की बीमारियां हो रही हैं। खदान संचालक ने अब तक सड़क मरम्मत या धूल नियंत्रण के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जिला खनिज अधिकारी योगेश साहू का कहना है कि मुड़घुसरी के ग्रामीणों की शिकायत मिली है। पत्थर खदान की जांच के लिए आदेश कर दिया है। विभागीय टीम खदान में जाकर जांच करेगी। शिकायत करने वालों को भी मौके पर भौतिक सत्यापन के दौरान उपस्थित रहने नोटिस जारी कर रहे हैं।