राजनांदगांव| जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटना में कमी लाने सख्ती की तैयारी है। इसके लिए नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। वहीं सभी संस्थाओं के शासकीय कर्मियों के लिए भी हेलमेट के इस्तेमाल को अनिवार्य किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन सख्त मूड में हैं। बुधवार को कलेक्टोरट में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा। इसके पालन के लिए अब सख्ती भी बरती जाएगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने या बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। इसके अलावा लोगों को दुपहिया चलाते समय हेलमेट पहनने व चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट बांधने के लिए जागरूक करें। कलेक्टर ने कहा कि कॉलेज छात्रों के लाइसेंस भी बनाएं जाए और उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देने शिविर लगाएं। बैठक में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सतत कार्रवाई की जा रही है।


